रजनीगंधा प्रायोजित जागरण फिल्म फेस्टिवल के 14वें संस्करण के साथ फिर आ रहा है सिनेमा का सबसे बड़ा कारवां

अगस्त 7, 2026 - 14:49
 0
रजनीगंधा प्रायोजित जागरण फिल्म फेस्टिवल के 14वें संस्करण के साथ फिर आ रहा है सिनेमा का सबसे बड़ा कारवां

नई दिल्ली, 5 अगस्त 2026: भारत के सबसे बड़े सिनेमाई महोत्सवों में शुमार रजनीगंधा प्रेजेंट्स जागरण फिल्म फेस्टिवल (जेएफएफ) के 14वें संस्करण का इंतजार अब खत्म होने वाला है। सिनेमा के इस बहुप्रतीक्षित महोत्सव का आयोजन 20 से 23 अगस्त तक नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर, जनपथ में होगा। इसके बाद फिल्म महोत्सव देश के 14 प्रमुख शहरों: कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, आगरा, देहरादून, गोरखपुर, हिसार, लुधियाना, पटना, रांची, मेरठ और मुंबई का दौरा करेगा। इसका समापन 1 नवंबर 2026 को मुंबई में आयोजित जागरण फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड्स के साथ होगा।

चार दिनों तक नई दिल्ली सिनेमा की गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनी रहेगी। फिल्म महोत्सव का आगाज एक भव्य उद्घाटन समारोह से होगा, जिसमें केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री के साथ फिल्म जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां, विभिन्न देशों के राजदूत और समाज के विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियां शामिल होंगी। यह आयोजन भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित मंचों में जागरण फिल्म फेस्टिवल की पहले से बनी पहचान को दिखाता है। फेस्टिवल में अभिनेता, निर्देशक, निर्माता, लेखक, कास्टिंग डायरेक्टर, उद्योग जगत के विशेषज्ञ, उभरती प्रतिभाएं और सिनेमा प्रेमी एक ही मंच पर जुटेंगे। पारंपरिक फिल्म प्रदर्शन से आगे बढ़ते हुए इसमें एक्सक्लूसिव प्रीमियर, मास्टरक्लास, कार्यशालाएं, गहरी सोच वाले संवाद और इंटरैक्टिव सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस तरह जागरण फिल्म फेस्टिवल एक बार फिर सिनेमा की विविध विधाओं, नए विचारों और रचनात्मक अभिव्यक्तियों का उत्सव बनेगा।

पिछले 14 वर्षों में जागरण फिल्म फेस्टिवल इस विश्वास के साथ देशभर में अपनी पहचान बना चुका है कि अच्छी कहानियां अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचनी चाहिए। समय के साथ यह आयोजन केवल एक फिल्म महोत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि नए फिल्मकारों की खोज, सार्थक संवाद और रचनात्मक जुड़ाव का एक महत्वपूर्ण मंच बन गया है। यहां अनुभवी और प्रतिष्ठित फिल्मकार उभरती प्रतिभाओं के साथ अपने अनुभव साझा करते हैं, दर्शकों को नई सिनेमाई आवाजों से रूबरू होने का अवसर मिलता है और फिल्मों पर शुरू हुई चर्चाएं पर्दा गिरने के बाद भी लंबे समय तक जारी रहती हैं।

इस बार जागरण फिल्म फेस्टिवल पहले से अधिक भव्य और व्यापक रूप में आयोजित किया जाएगा। पिछले संस्करणों की शानदार सफलता को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी दर्शकों के लिए कई खास आकर्षण होंगे। पिछले वर्षों में नेटफ्लिक्स की 'इंस्पेक्टर झेंडे' जैसी फिल्मों के वर्ल्ड प्रीमियर, 'शोले' के 50 वर्ष पूरे होने पर विशेष आयोजन, शबाना आजमी को समर्पित कार्यक्रम, मनोज बाजपेयी और काजोल जैसे कलाकारों के संवाद सत्र, मुकेश छाबड़ा की मास्टरक्लास तथा अनुपम खेर, राजकुमार राव, नवाजुद्दीन सिद्दीकी समेत कई चर्चित कलाकारों की मौजूदगी वाले अवॉर्ड समारोह ने फेस्टिवल को खास पहचान दिलाई थी। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 14वें संस्करण में भी सिनेमा प्रेमियों के लिए पहले से अधिक समृद्ध और यादगार अनुभव तैयार किया गया है।
जागरण फिल्म फेस्टिवल का 14वां संस्करण भारतीय और विश्व सिनेमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले दिग्गज कलाकारों और फिल्मकारों को समर्पित रहेगा। इसके तहत विशेष रेट्रोस्पेक्टिव, श्रद्धांजलि कार्यक्रम और स्पेशल स्क्रीनिंग आयोजित की जाएंगी। इस वर्ष के प्रमुख आकर्षणों में 'द लैंग्वेज ऑफ टाइमलेस ग्रेस' शामिल है, जिसके माध्यम से अभिनेत्री मौसमी चटर्जी के उल्लेखनीय फिल्मी सफर और भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को सम्मान दिया जाएगा। इसके अलावा महान फिल्मकार वी. शांताराम की 125वीं जयंती, अभिनेता राज कुमार की जन्मशती और प्रख्यात निर्देशक गिरीश कासरवल्ली के सिनेमाई सफर के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भी विशेष आयोजन किए जाएंगे।

इस संस्करण का एक प्रमुख आकर्षण भारतीय और विश्व सिनेमा की चार दिग्गज हस्तियों को समर्पित विशेष श्रद्धांजलि होगी। इसके तहत प्रसिद्ध प्लेबैक सिंगर (पार्श्व गायिका) आशा भोसले, दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र, हास्य अभिनय के लिए मशहूर असरानी और सतीश शाह, तथा अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त फिल्मकार बेला टार को सम्मानित किया जाएगा। फिल्म स्क्रीनिंग, विशेष रेट्रोस्पेक्टिव और चर्चा सत्रों के माध्यम से उनके लंबे सिनेमाई सफर, विशिष्ट कला और सिनेमा में दिए गए उल्लेखनीय योगदान को याद किया जाएगा। साथ ही उनकी कालजयी रचनाओं और दर्शकों पर उनके स्थायी प्रभाव को भी सामने लाया जाएगा।

दर्शक 'चांदनी बार' और 'लगान' जैसी भारतीय सिनेमा की यादगार फिल्मों की विशेष स्क्रीनिंग के जरिए एक बार फिर उनके जादू को महसूस कर सकेंगे। अपनी दमदार कहानी और प्रभावशाली प्रस्तुति के कारण ये फिल्में आज भी अलग-अलग पीढ़ियों के दर्शकों के बीच समान रूप से लोकप्रिय हैं और सिनेमाई कहानी कहने का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जाती हैं।

उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जेएफएफ 2026 में भी कई विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 'जेएफएफ अनटाइटल्ड: सीज़न 2' एक बार फिर नए फिल्मकारों के लिए मंच बनेगा, जहां उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने, उद्योग से जुड़ने और पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।
फेस्टिवल में पहली बार लाइव एआई फिल्ममेकिंग वर्कशॉप का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें कहानी कहने और फिल्म निर्माण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित टूल्स के उपयोग की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा मास्टरक्लास, कास्टिंग सेशन, जेएफएफ फैशनिस्टा और फिल्म उद्योग के विशेषज्ञों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित होंगे। आयोजकों के अनुसार, 14वां संस्करण नई पीढ़ी के कहानीकारों को प्रेरित करने के साथ-साथ सिनेमा के भविष्य की नई संभावनाओं को भी सामने लाएगा।

फेस्टिवल में उद्घाटन और समापन फिल्मों के अलावा वर्ल्ड और इंडियन प्रीमियर, विशेष स्क्रीनिंग, मास्टरक्लास, पैनल डिस्कशन और फिल्म जगत की कई नामचीन हस्तियों के साथ विशेष संवाद सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें इम्तियाज अली, मधुर भंडारकर, सुधीर मिश्रा, गुनीत मोंगा, लिलेट दुबे, अश्विनी अय्यर तिवारी, ऐमी बरुआ के साथ-साथ टेस जोसेफ और मुकेश छाबड़ा के 'कास्टिंग सीज़न' भी प्रमुख आकर्षण होंगे। चाहे किसी नए फिल्मकार की रचनात्मक दुनिया से पहली बार परिचय हो, किसी दिग्गज कलाकार या फिल्मकार के अनुभव सुनने का अवसर हो या फिर सिनेमा प्रेमियों के साथ एक यादगार फिल्म देखने का अनुभव, जागरण फिल्म फेस्टिवल हर वर्ग के दर्शकों को सिनेमा से जुड़ने का एक अनूठा मंच प्रदान करेगा।
फेस्टिवल का विस्तृत कार्यक्रम, फिल्मों की सूची, सेलेब्रिटी सत्र, पंजीकरण प्रक्रिया और अन्य प्रमुख आकर्षणों की घोषणा जल्द की जाएगी। नई दिल्ली में शुरुआत के बाद जागरण फिल्म फेस्टिवल देश के विभिन्न शहरों का दौरा करेगा और 1 नवंबर 2026 को मुंबई में आयोजित जागरण फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड्स नाइट 2026 के साथ इसका समापन होगा। इस सितारों से सजी शाम में भारतीय सिनेमा और ओटीटी जगत की प्रमुख हस्तियां एक मंच पर जुटेंगी, जहां फिल्मों और ओटीटी की उत्कृष्ट उपलब्धियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही बेहतरीन कहानी कहने की परंपरा के एक और यादगार वर्ष का जश्न भी मनाया जाएगा।

जागरण प्रकाशन लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (स्ट्रैटेजी एवं ब्रांड डेवलपमेंट) बसंत राठौर ने कहा, "जागरण फिल्म फेस्टिवल हमेशा इस सोच के साथ आगे बढ़ा है कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि विचारों को नई दिशा देने, संस्कृति को संजोने और सामाजिक संवाद को मजबूत करने का प्रभावशाली जरिया भी है। पिछले 14 वर्षों से हमारा प्रयास रहा है कि सार्थक सिनेमा महानगरों तक सीमित न रहे, बल्कि देश के अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचे। साथ ही ऐसा लोकतांत्रिक मंच तैयार हो, जहां दिग्गज फिल्मकार, उभरती प्रतिभाएं, फिल्म उद्योग के विशेषज्ञ और युवा दर्शक एक साथ जुड़ सकें। नई दिल्ली में 14वें जागरण फिल्म फेस्टिवल की शुरुआत के साथ हम एक बार फिर उन कहानियों का स्वागत कर रहे हैं, जो नए नजरिए पेश करती हैं, सार्थक संवाद को आगे बढ़ाती हैं और भारत के साथ-साथ दुनिया की विविधता को दिखाती हैं। इस वर्ष का फेस्टिवल उत्कृष्ट फिल्मों, सिनेमा की विशिष्ट हस्तियों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रख्यात शख्सियतों को एक मंच पर लाकर दर्शकों को समृद्ध सांस्कृतिक अनुभव देने का प्रयास करेगा। हम सभी सिनेमा प्रेमियों का इस रचनात्मकता, कहानी कहने की कला और सिनेमा की बदलाव लाने की ताकत के उत्सव में स्वागत करते हैं।"

आपकी प्रतिक्रिया क्या है?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow