रेस्टोरेंटों में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई गंदगी और अनियमितताओं पर नोटिस
इंदौर। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने शहर के विभिन्न रेस्टोरेंटों में औचक निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की। कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन और भोपाल स्थित खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त के निर्देश पर की गई कार्रवाई के दौरान कई प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी गंभीर कमियां सामने आईं। अधिकारियों ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं और संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।
सिंफनी रेस्टोरेंट, कैट रोड:
सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा टीम ने सिंफनी रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। यहां से पनीर, नूडल्स, तैयार ग्रेवी और घी के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान रसोई में गंदगी, खाद्य सामग्री खुले में रखी हुई और फ्रिज में बिना तारीख अंकित किए खाद्य पदार्थ पाए गए। रसोई में कॉकरोच भी मिले। इसके अलावा कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट और पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं मिली।
रजवाड़ी रेस्टोरेंट, कैट रोड:
रजवाड़ी रेस्टोरेंट से पनीर और ग्रेवी के नमूने जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट प्रबंधन पानी की जांच रिपोर्ट और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। विभाग ने इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए नोटिस जारी किया है।
टिंबकतु रेस्टोरेंट, सत्य साईं चौराहा, स्कीम नंबर 54:
टीम ने यहां से दाल, चावल, मैदा और मूंगफली दाना के नमूने लिए। निरीक्षण में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को एक साथ रखा पाया गया। रसोई में कॉकरोच मौजूद थे और डस्टबिन बिना ढक्कन के रखे मिले। इसके अलावा खाद्य लाइसेंस भी प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित नहीं किया गया था।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। संबंधित संचालकों को कमियां दूर करने और स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय सीमा में कमियां दूर नहीं करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आपकी प्रतिक्रिया क्या है?