निसस फाइनेंस ने Q1 FY27 में मजबूत प्रदर्शन दर्ज किया, कोर बिजनेस EBITDA तिमाही आधार पर 17.1% बढ़कर ₹16.9 करोड़
मुंबई, 12 अगस्त 2026: वैकल्पिक निवेश और शहरी अवसंरचना क्षेत्र की अग्रणी कंपनी निसस फाइनेंस सर्विसेज कंपनी लिमिटेड (BSE: NISUS | 544296) ने FY27 की पहली तिमाही (Q1) के लिए मजबूत वित्तीय प्रदर्शन की घोषणा की है। कंपनी का कोर बिजनेस EBITDA तिमाही आधार पर 17.1% बढ़कर ₹16.9 करोड़ रहा। यूएई बाजार में अस्थायी चुनौतियों के बावजूद कंपनी ने अपने विविधीकृत बिजनेस मॉडल के दम पर लाभप्रदता बनाए रखते हुए विकास की गति बरकरार रखी।
स्टैंडअलोन आधार पर कंपनी ने साल-दर-साल 128% की वृद्धि दर्ज की। कंपनी के अनुसार, पश्चिम एशिया संकट के कारण यूएई में निवेश गतिविधियों में आई अस्थायी सुस्ती का प्रभाव भारत में मजबूत ट्रांजैक्शन एडवाइजरी कारोबार ने काफी हद तक संतुलित कर दिया। आवर्ती शुल्क आय, एडवाइजरी सेवाओं और निर्माण व्यवसाय से कंपनी के बहु-आयामी प्लेटफॉर्म को और मजबूती मिली है।
समेकित (Consolidated) आधार पर, जिसमें न्यू कंसोलिडेटेड कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड (NCCCL) भी शामिल है, कंपनी ने ₹186.48 करोड़ की कुल आय, ₹31.6 करोड़ का EBITDA और ₹12.37 करोड़ का कर पश्चात लाभ (PAT) दर्ज किया।
कंपनी की निर्माण इकाई NCCCL ने भी शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कंपनी का राजस्व 14% वर्ष-दर-वर्ष बढ़ा, EBITDA मार्जिन 10.5% रहा और PAT में 3.7 गुना वृद्धि दर्ज की गई। साथ ही, NCCCL को ₹1,089 करोड़ के नए ऑर्डर प्राप्त हुए, जिनमें लोढ़ा, वेलस्पन, रनवाल और महिंद्रा जैसे प्रमुख ग्राहकों की परियोजनाएं शामिल हैं। इसके साथ ही निसस फाइनेंस के अधिग्रहण के बाद प्राप्त कुल ऑर्डर ₹1,420 करोड़ से अधिक हो गए हैं।
तिमाही के दौरान कंपनी ने कई रणनीतिक उपलब्धियां भी हासिल कीं। SEBI से निसस यील्ड एंड एसेट मल्टीप्लायर फंड (NiYAM) को मंजूरी मिल गई है। ₹2,500 करोड़ के लक्षित कोष वाला यह कैटेगरी-II वैकल्पिक निवेश फंड (AIF) घरेलू और वैश्विक निवेशकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त कर रहा है। इस फंड के माध्यम से निवेश Q3 FY27 से चरणबद्ध तरीके से शुरू होने की उम्मीद है। कंपनी ने यह भी बताया कि उसका SM REIT प्लेटफॉर्म FY27 की दूसरी छमाही में लॉन्च होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जबकि GIFT City फीडर प्लेटफॉर्म पर भी काम जारी है।
कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक डॉ. अमित गोयनका ने कहा कि कंपनी का बहु-इंजन (Multi-engine) बिजनेस मॉडल यूएई में निवेश की अस्थायी सुस्ती के प्रभाव को कम करने में सफल रहा, जबकि भारत का ट्रांजैक्शन एडवाइजरी कारोबार लगातार मजबूत बना रहा। उन्होंने कहा कि जुलाई 2026 से यूएई बाजार में सुधार के संकेत, NCCCL को मिले बड़े ऑर्डर और NiYAM के चरणबद्ध संचालन से FY27 के शेष महीनों में कंपनी के विकास को नई गति मिलेगी।
निसस फाइनेंस ने कहा कि वह अनुशासित पूंजी निवेश, विवेकपूर्ण अंडरराइटिंग और दीर्घकालिक मूल्य सृजन पर अपना फोकस बनाए रखेगी। फंड मैनेजमेंट, ट्रांजैक्शन एडवाइजरी, रणनीतिक निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर निष्पादन जैसे विविध व्यवसायों के दम पर कंपनी को वैकल्पिक निवेश, स्ट्रक्चर्ड क्रेडिट, रियल एस्टेट, पुनर्विकास और शहरी अवसंरचना क्षेत्रों में लगातार बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।
आपकी प्रतिक्रिया क्या है?