मध्य प्रदेश के खंडवा से भाजपा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान का निधन

मध्य प्रदेश के खंडवा से भाजपा सांसद नंदकुमार सिंह चौहान का निधन

मध्य प्रदेश के खंडवा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद नंदकुमार सिंह चौहान का मंगलवार सुबह यहां के समीप गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। चौहान 68 वर्ष के थे। वह पिछले लगभग एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे। ग्यारह जनवरी को कोरोना पॉजिटिव होने के बाद के बाद भोपाल के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। हालत ज्यादा गंभीर होने की वजह से उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में लाया गया था। 

चौहान के निकटस्थ एवं पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि उनका पार्थिव शरीर दोपहर में उनके गृह नगर खंडवा ले जाया जाएगा। मृदुभाषी और मिलनसार स्वभाव के चौहान लोकसभा में छठी बार खंडवा से जीते थे। वह 2015 में मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बनाए गए थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसपर दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा- खंडवा से लोकसभा सांसद श्री नंदकुमार सिंह चौहान जी के निधन से दुखी हूं। उन्हें मध्य प्रदेश में भाजपा को मजबूत करने के लिए संसदीय कार्यवाही, संगठनात्मक कौशल और प्रयासों में उनके योगदान के लिए याद किया जाएगा। उनके परिवार के प्रति संवेदना। शांति।

इसके अलावा, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसपर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा- लोकप्रिय नेता नंदू भैया हमें छोड़ कर चले गए भाजपा ने एक आदर्श कार्यकर्ता, योग्य संगठनकर्ता और अपने में समर्पित नेता को खो दिया है। यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है