32 रूप वाले नए अफ्रीकी कोरोना वायरस से दुनिया में खलबली, भारत में भी अलर्ट, उड़ानों पर फिर से रोक

32 रूप वाले नए अफ्रीकी कोरोना वायरस से दुनिया में खलबली, भारत में भी अलर्ट, उड़ानों पर फिर से रोक

दक्षिण अफ्रीका में कोरोना वायरस के एक नए वेरियेंट B.1.1.529 का पता लगने के बाद भारत सतर्क हो गया है। केंद्र सरकार ने राज्यों को सतर्कता बढ़ाने की हिदायत दी है। द. अफ्रीक, बोत्सवाना के अलावा हॉन्ग कॉन्ग में भी बी.1.1.529 वेरियेंट के मरीज मिल रहे हैं। बी.1.1.529 वेरियेंट काफी घातक साबित हो रहा है।

अफ्रीकी देशों की फ्लाइट्स पर रोक शुरू
दुनियाभर के विशेषज्ञ इस वेरियेंट को बड़ा खतरा मान रहे हैं। यही कारण है कि अफ्रीकी देशों की फ्लाइट रोकने का सिलसिला शुरू हो गया है। इजरायल ने सात अफ्रीकी देशों से आने-जाने पर पाबंदियां लगा दी हैं। इजरायल सरकार ने द. अफ्रीका, लेसेथो, बोत्सवाना, जिम्बाब्वे, मोजांबिक, नामीबिया और एस्वातिनी जैसे देशों को रेड लिस्ट में डाल दिया है। वहीं, यूके ने छह अफ्रीकी देशों से आवाजाही पर रोक लगा दी है। वहां की सरकार ने इन देशों की सभी फ्लाइट रोक दी है।

केंद्र सरकार ने राज्यों को किया अलर्ट
इधर, भारत सरकार ने राज्यों से कहा है कि वो सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की सघन जांच करे। खासकर, द. अफ्रीका, हॉन्ग-कॉन्ग और बोत्सवाना से सीधे आने वाले या उधर से गुजरने वालों की कड़ी स्क्रीनिंग करने का निर्देश दिया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने राज्यों को भेजी चिट्ठियों में कहा है कि ऐसे लोग कहां आ-जा रहे हैं, इस पर नजर रखी जाए।

चिट्ठी में कहा गया है कि जांच में पॉजिटिव पाए गए लोगों के नमूने तुरंत लैब भेजे जाएं ताकि जिनोम सिक्वेंसिंग के जरिए वेरियेंट का पता चल सके। चिट्ठी में कहा गया है कि बी.1.1.529 वेरियेंट के कई म्यूटेशनों का पता चला है, इसलिए इसका देश पर गहरा असर हो सकता है क्योंकि हमने हाल ही में वीजा प्रतिबंधों में ढिलाई दी है और अंतरराष्ट्रीय यात्राओं की भी अनुमति दी गई है।