लक्ष्मण की अभी संन्यास लेने की कोई योजना नहीं
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लचर प्रदर्शन के कारण सीनियर बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण भले ही आलोचकों के निशाने पर हों लेकिन उनकी अभी संन्यास लेने की कोई योजना नहीं है। एक साथी क्रिकेटर ने कहा, 'लक्ष्मण अभी संन्यास नहीं ले रहे हैं। उन्होंने हमें जो संकेत दिए हैं उससे साफ लगता है कि यदि वह संन्यास लेंगे तो हमें काफी पहले सूचित कर देंगे।' ओपनर गौतम गंभीर ने भी कहा, 'मेरा सवाल है कि एक व्यक्ति ही क्यों? टॉप के सभी सात बल्लेबाज दोषी हैं। हम यूनिट के तौर पर असफल रहे हैं, फिर लक्ष्मण को ही बलि का बकरा क्यों बनाया जा रहा है?' लक्ष्मण ने इस सीरीज में अभी तक छह पारियों में 17 की औसत से 102 रन बनाए हैं। इंग्लैंड दौरे में भी वह 22.75 की औसत से 182 रन ही बना पाए थे। उनकी इस असफलता के बाद बोर्ड के शीर्ष अधिकारी और विश्वस्त सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट दी गई थी कि 24 जनवरी को एडिलेड टेस्ट शुरू होने तक लक्ष्मण संन्यास ले सकते हैं। लक्ष्मण के साथी राहुल द्रविड़ भी उनके बचाव में आगे आए। उन्होंने कहा, ' मुझे नहीं लगता कि उन्हें हटाने की बातों से वह ज्यादा प्रभावित होंगे। मैंने ऐसा कुछ नहीं पढ़ा है और लक्ष्मण भी इससे परेशान नहीं हैं।

